डाक टाइम्स न्यूज समाचार ब्यूरो कुशीनगर । पुलिस उप महानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र गोरखपुर जे० रविन्दर गौड़ द्वारा पुलिस अधीक्षक कुशीनगर धवल जायसवाल की उपस्थिति में आज दिनांक 15.06.2022 को पुलिस लाइन्स स्थित सभागार में अपराध गोष्ठी कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गयी तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। गोष्ठी के प्रारम्भ में स्थिति की जानकारी ली गयी तथा जनपद के विभिन्न थानों से आये थाना प्रभारियों को अपने अधीनस्थों से प्रतिदिन वार्ता कर उनकी समस्याओं का निराकरण करने हेतु निर्देशित किया गया। महोदय द्वारा अपराध गोष्ठी में निम्न बिन्दुओं पर विशेष ध्यान देते हुये आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।


1- उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिला सशक्तीकरण हेतु चलाये जा रहे अभियान के सम्बन्ध में समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिये गये।
2- महिला उत्पीड़न से सम्बन्धित मामलों की समीक्षा करने व सरल व्यवहार अपनाने हेतु समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिये गये।
3- थानों पर लम्बित विवेचनाओं के निस्तारण, वांछित/वारण्टियों/पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु व 06 माह से अधिक समय से लम्बित विवेचनाओं की समीक्षा कर त्वरित निस्तारण हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया।
4- अवैध शराब निष्कर्षण/ बिक्री तथा मादक पदार्थों की बिक्री/परिवहन के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही किए जाने हेतु निर्देशित किया गया।
5- हत्या, बलात्कार, लूट, डकैती, चोरी के अपराधों पर पूर्णतया अंकुश लगाने व प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
6- टॉप-10 तथा 10 साल में चिन्हित अपराधियों के विरूद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही किया जाये तथा टाप-10 अपराधियों की सूची को निरन्तर अद्यावधिक (अपडेट) करते हुए नये अपराधियों को सूची में सम्मिलित किया जाय एवं उनके निवास स्थान पर नियमित चेकिंग व निगरानी हेतु निर्देशित किया गया।
7- जनता द्वारा दिये गये शिकायती प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के सम्बन्ध में कड़े निर्देश दिये गये। शहर व ग्रामीण इलाकों में रात्रि गश्त बढ़ाने, अभियुक्तों के प्रति वैधानिक कार्यवाही, वांछित अभियुक्त/ वारंटियों की शत प्रतिशत गिरफ्तारी हेतु कड़े निर्देश दिये गये ।
08- आपराधिक घटना की सूचना पर तत्कल घटनास्थल पर पहुंचने तथा आवश्यक कार्यवाही करने के सम्बन्ध में निर्देश दिया गया।
09- धारा 14(1) गैंगेस्टर अधिनियम के अंतर्गत थानों द्वारा की गयी कार्यवाही की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक अवैध सम्पत्ति जप्तीकरण करने हेतु निर्देशित किया गया।
10-जनपद की चाक-चौबंद सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था और अमन एवं शांति के दृष्टिगत महोदय द्वारा बताया गया कि प्रदेश में हुयी कुछ घटनाओं को लेकर शासन के निर्देशानुसार सभी धर्मगुरुओं की गोष्ठी आयोजित कर सभी धर्मगुरुओं को बताया जाय कि किसी भी प्रकार के कारणों से जनपद की शांति व्यवस्था खराब नहीं होनी चाहिये अन्यथा कड़ी वैधानिक कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।
गोष्ठी के उपरान्त पुलिस उपमहानिरीक्षक महोदय एवं पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा जनपद कुशीनगर में लम्बे समय से क्षेत्राधिकारी के पद पर सेवा दे रहे पुलिस उपाधीक्षक श्री फूलचन्द्र राम के पर्यवेक्षण तथा कानून व्यवस्था बनाये रखने में योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना के साथ भावभिनी विदाई दी गयी।* इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक श्री रितेश कुमार सिंह सहित समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त प्रभारी निरीक्षक /थानाध्यक्ष, प्रतिसार निरीक्षक, निरीक्षक प्रज्ञान शाखा, निरीक्षक रेडियो शाखा, आशुलिपिक पुलिस अधीक्षक, प्रधान लिपिक, प्रभारी डीसीआरबी, प्रभारी एएचटीयू आदि व अन्य अधिकारी /कर्मचारीगण मौजूद रहे।

3 COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here